रायपुर : केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गिनाए केंद्रीय बजट से छत्तीसगढ़ को मिलने वाले फायदे, इनकम टैक्स में कटौती का 12 लाख लोगों को होगा सीधा लाभ।
मोदी सरकार के केंद्रीय बजट के बारे में जानकारी देने रायपुर आए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने इससे छत्तीसगढ़ को होने वाले फायदों को एक-एक कर गिनाए. उन्होंने बताया कि एक तरफ इनकम टैक्स में कटौती से प्रदेश के 12 लाख लोगों को सीधा फायदा होगा,
वहीं अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाओं के लिए दो करोड़ का टर्म लोन देने के साथ कौशल विकास योजना से प्रदेश के 10 लाख युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है.
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री दयाल दास बघेल के साथ केंद्रीय बजट पर पत्रकारों से चर्चा में कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि 2047 तक भारत को विकसित भारत करना है.
भारत में मिडिल क्लास लोगों के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है. हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं. इसके साथ बजट का सरलीकरण हो रहा है, जिसे कल हम लोकसभा में पेश करेंगे.
उन्होंने कहा कि फूड डिलीवरी वालों के लिए स्वास्थ बीमा देने का काम किया है. सामान्य आदमी सोचता है, पैसा नहीं है, स्टार्टअप नहीं करेंगे, ऐसी नौबत नहीं आनी चाहिए. इसके लिए भी हमने तैयारी की है. इंडियन लैदर को बढ़ावा देने का कार्य किया है. इंडियन इंफ्रास्ट्रचर डेवलप करने के लिए 5 लाख करोड़ रुपए का इन्वेस्टमेंट किया है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाओं के लिए दो करोड़ का टर्मलोन की तैयारी की है. बिजनेस शुरू करने के लिए पांच लाख महिलाओं को 2 करोड़ का टर्मलोन दिया जाएगा. जिससे आर्थिक स्थिति में सुधार आ सके. किसान क्रेडिट कार्ड को 3 से बढ़ाकर 5 लाख कर दिया गया है.