रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक श्रीचंद सुन्दरानी ने प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के उस कथन पर ऐतराज जताया है जिसमें मंत्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा केवल बोलती है। यदि 15 साल में जनता के काम किए होते तो 15 सीट पर नहीं पहुंचते। सुन्दरानी ने सवाल किया है कि लोकसभा चुनाव में 68 विधायकों वाली कांग्रेस के 66 विधानसभा क्षेत्रों में बुरी तरह पिछड़ने पर जयसिंह अग्रवाल की क्या राय है? सुन्दरानी कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ में अपने 15 वर्ष के शासनकाल में जनकल्याण और विकास की जो लकीर खींची है, उसकी लंबाई के आगे कांग्रेस का समूचा राजनीतिक कद पहले भी बौना ही नजर आया है और अब भी कांग्रेस सरकार बड़बोलेपन से उबर नहीं पाई है। पूरे प्रदेश में सिवाय बदलापुर की राजनीति के अघोषित एजेंडे और उगाही के नित नए तरीकों को ईजाद करने के कोई और काम नहीं हो रहा हैं और नरवा-गरुवा-घुरवा-बाड़ी के नाम पर पूरे प्रदेश को केवल गुमराह किया जा रहा है। सुन्दरानी ने कहा कि अशांति, अपराध और असुरक्षा के साए में पूरा प्रदेश संत्रस्त है। जिस प्रदेश में अपनी सरकार के कामकाज पर वोट मांगने वालों को 66 विधानसभा क्षेत्रों में शर्मनाक शिकस्त मिली है, वे अब भी अपने सत्तावादी अहंकार से मुक्त नहीं हो पा रहे हैं। कांग्रेस की मौजूदा प्रदेश सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग-समाज के साथ जिस तरह का छलावा किया है, उससे पूरा प्रदेश खुद को ठगा-सा महसूस कर रहा है और इसीलिए प्रदेश ने कांग्रेस को शिकस्त देकर प्रायश्चित किया है। प्रदेश के राजस्व मंत्री को जनादेश का मर्म समझकर उसका सम्मान करना चाहिए।