छत्तीसगढ़ : दंतेवाड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद भाग रहे दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। जवानों ने मौके से बड़ी संख्या में नक्सली सामान भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार जिले के सुरक्षा बल मंगनार इलाके में सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के बाद जंगल की आड़ लेकर नक्सली भागने लगे। इसी दौरान जवानों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक नक्सली प्लाटून कम्पनी 16 का सदस्य है, जिस पर 2 लाख रुपए का इनाम है। दूसरे नक्सली को जनताना सरकार का अध्यक्ष लक्ष्मण वेट्टी बताया जा रहा है जिस पर एक लाख का इनाम है। मौके से जवानों ने बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की है। एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसपी अभिषेक पल्लव ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की।