पीडि़त मासूम को बेहतर इलाज दिलाये सरकार,आरोपी को सजा हो : पूजा विधानी

Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ : रायपुर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी ने कोरिया के मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र में 5 वर्ष की एक मासूम बच्ची के साथ बलात्कार की घटना की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मांग की है कि गरीब परिवार की बेटी के बेहतर से बेहतर उपचार की व्यवस्था की जाए। पीडि़त परिवार अत्यंत ही गरीब है अच्छे इलाज के लिए स्वास्थ्य मंत्री टी.एस बाबा चिकित्सा अमले को सजग करें। यह कृत्य करने वालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। श्रीमती विधानी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। मुख्यमंत्री का सारा ध्यान केवल राजनीति पर ही टिका हुआ है जबकि प्रदेश के हालात काफी खतरनाक स्थिति में पहुंच गए हैं। श्रीमती विधानी ने कहा कि मनेंद्रगढ़ की इस घटना के पहले भी इस तरह की गंभीर वारदातें लगातार सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं तो महिलाएं मासूम बच्चियों की इज्जत भी सुरक्षित नहीं रह गई । गरीब परिवार की मासूम बच्चियों के साथ आए दिन इस तरह की घटनाएं बेहद चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह पहला कर्तव्य है कि पीडि़त बच्ची को उपयुक्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यों में किसी भी तरह की आचार संहिता आड़े नहीं आती इसलिए सरकार बिना किसी बहानेबाजी के फौरन पीडि़त परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *