छत्तीसगढ़ में पाकिस्तानी झंडा फहराने पर सरकार मौन क्यों : चौधरी

Chhattisgarh

रायपुर। दिनांक 27/10/22,प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ के सरिया में पाकिस्तानी झंडा फहराए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राज में पाकिस्तान का झंडा फहराया जा रहा है और प्रदेश के मुखिया व पूरी सरकार मौन है। छत्तीसगढ़ में पाकिस्तान परस्तों को किनका संरक्षण है?

प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद संबंधित व्यक्ति पर पहले तो कोई कार्यवाही नहीं की गई लेकिन जब सरिया का जन समुदाय सड़क पर उतर आया तो हल्की-फुल्की धाराओं में कुछ कार्यवाही की गई है। आखिर ऐसा क्यों? इस व्यक्ति पर देशद्रोह के तहत कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूरी की पूरी कैबिनेट और कांग्रेस के तमाम विधायक व सत्ताधारी संगठन के लोग आखिर मौन व्रत धारण क्यों किए हुए हैं? क्या वजह है कि पाकिस्तान का झंडा छत्तीसगढ़ में फहराए जाने के मामले में सरकार ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। यह कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति का सबसे बड़ा उदाहरण है। कांग्रेस और उसकी सरकार छत्तीसगढ़ में पाकिस्तान का झंडा फहराए जाने की घटना को आखिर किस नजरिए से देख रही है? उसका मंतव्य क्या है? इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को स्पष्ट करना चाहिए।

प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस देश विरोधी ताकतों को आखिर क्यों संरक्षण देती आ रही है? देश के दुश्मन और देशद्रोह करने वालों को कांग्रेस आदर और सम्मान देती है। भारत विरोधी ताकतों और उन्हें समर्थन करने वालों के साथ आखिर कांग्रेस कौन सी रिश्तेदारी निभा रही है? तुष्टिकरण की नीति के तहत छत्तीसगढ़ में जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, वह इस राज्य और देश के लिए काफी खतरनाक स्थिति है। इस मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए कि आखिर पाकिस्तान का झंडा छत्तीसगढ़ में फहराने वाले के आतंकियों और पाकिस्तान के साथ कहां तक तार जुड़े हुए हैं?

प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ शांति का टापू माना जाता रहा है लेकिन जब से कांग्रेस की सरकार आई है, तब से तुष्टिकरण की नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ में स्थिति विस्फोटक होती जा रही है। नक्सल मोर्चे पर पूरी तरह विफल यह सरकार अब तुष्टिकरण की खातिर देशद्रोह की गंभीर घटनाओं पर भी चुप्पी साधे हुए है। कांग्रेस और उसकी सरकार यह बताए कि इस तरह की घटनाओं पर हाथ पर हाथ रखकर बैठने के पीछे उसका इरादा क्या है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *