आतंकी हमले की मुख्यमंत्री ने की निंदा, कहा- कश्मीर में लोगों सुरक्षा नहीं दे पा रही भारत सरकार

Chhattisgarh

रायपुर : कश्मीर में मंगलवार को हुए आतंकी हमले की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निंदा की है। उन्होंने कहा, भारत सरकार कश्मीर में लोगों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। कश्मीर में हुई आतंकी घटना निंदनीय है। इस प्रकार की घटनाओं को रोका जाना चाहिए। वहां कश्मीरी पंडित सुरक्षित नहीं हैं।
यहां नए सर्किट हाउस में श्रमवीर सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए  बघेल ने कहा, कुछ समय पहले वहां के सरकारी कर्मचारी और दूसरे प्रदेश के लोग जो वहां रहते हैं, उन्होंने सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। भारत सरकार सुरक्षा नहीं दे पा रही है। जम्मू-कश्मीर में रह रहे सभी लोगों, चाहे वे सरकारी कर्मचारी हों या आम लोग, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
61 पत्रकारों का सम्मान
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीर-चांपा जिले के पिहरीद गांव में बोरवेल ऑपरेशन के दौरान रिपोर्टिंग करने वाले 61 पत्रकारों को श्रमवीर सम्मान से सम्मानित किया। राहुल रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रिकार्ड 109 घंटे तक पत्रकारों ने जीवंत कवरेज किया था। कार्यक्रम का आयोजन भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि संघर्ष के बहुत से साथी यहां उपस्थित है। आप लोगों के माध्यम से पल-पल की खबर आम जनता तक पहुंची। कोरोना के कारण जो प्राथमिकताएं थीं, उनके क्रम में परिवर्तन हुआ है, पर पत्रकार सुरक्षा कानून हमारी प्राथमिकता में शामिल है। बहुत जल्द लागू करने के लिए प्रयासरत हैं। पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना की पहल राज्य सरकार करेगी।
केंद्र से पुरानी पेंशन योजना लागू कराएं डाॅ. रमन
एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू कर दी है। डाॅ. रमन सिंह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वे केंद्र सरकार से कहकर देशभर में पुरानी पेंशन योजना लागू कराएं और हमारे कर्मचारियों का जो पैसा केंद्र सरकार ने रोक रखा है, उसे भी दिलाएं।
चंद्राकर का नहीं आएगा नंबर
नेता प्रतिपक्ष बदलने की चर्चा को लेकर मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को लेकर चुटकी ली। बघेल ने कहा, कुछ भी हो, अजय चंद्राकर का नंबर नहीं लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *