भूपेश बोले-एनडीए से टूट रहा दलों का भरोसा, बिहार में सत्ता परिवर्तन 2024 का संकेत

Chhattisgarh

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिहार में सत्ता परिवर्तन को 2024 के परिवर्तन का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन के घटक दलों का भरोसा भाजपा से टूट रहा है। बिहार का तो हर व्यक्ति राजनीतिज्ञ होता है। राजनीति वहां की आबोहवा में है। बिहार में जो परिवर्तन हुआ और नया महागठबंधन बना है, उसके लिए नीतीश, तेजस्वी और सभी साथियों को बधाई। नीतीश आठवीं बार मुख्यमंत्री और तेजस्वी दूसरी बार डिप्टी सीएम बने हैं।
एक दिन के दौरे पर झारखंड रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर संवाददाताओं से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा, एनडीए से पहले उसका सबसे मजबूत साथी अकाली दल छूटा। फिर महाराष्ट्र में शिवसेना उनसे छूटा। अब जेडीयू ने भी एनडीए से किनारा कर लिया है। अब एनडीए के प्रति जो अविश्वास है वह बढ़ा है। इसकी वजह से दल अलग हो रहे हैं। उनके ही गठबंधन के जो साथी हैं, एक-एक कर साथ छोड़कर जा रहे हैं। यह संकेत दे रहा है 2024 के लिए।
भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं
छत्तीसगढ़ भाजपा में बदलाव को लेकर एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, भारतीय जनता पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। भाजपा में अंतर्कलह चल रही है, उसे दबाने के लिए बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा, विश्व आदिवासी के दिन आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष को हटाया गया। आगे भी बहुत सारे परिवर्तन देखने को मिलेंगे। भाजपा में गुटबाजी आगे और उभर कर आएगी। अभी भाजपा बहुत से प्रयोग करेगी। भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
आदिवासी महोत्सव की समापन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड आदिवासी महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। दो दिनों का यह महोत्सव 9 अगस्त को शुरू हुआ था। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत शोरेन उन्हें उद्घाटन समारोह में ही बुला रहे थे, लेकिन विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रमों की वजह से मुख्यमंत्री अब समापन कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। उनके साथ कार्यक्रम में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन भी मंच साझा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *