रायपुर । राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते नशे और उससे उत्पन्न परिस्थितियों में फंसकर कम उम्र से लेकर बुजुर्ग तक के बढ़ते अपराध और उस पर शासन के उदासीन रवैया के खिलाफ नशे में गाफिल सरकार को जगाने के लिए भारतीय जनता पार्टी रायपुर जिला कल 26 जुलाई को सुबह 12 बजे विधानसभा घेरेगी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश में अपराध बेलगाम हो गया हैं इसके साथ-साथ राजधानी रायपुर में अनाचार छूरेबाजी, लूट, हत्या जैसी घटनाएं लगभग रोज के जैसी बातें हो गई है और ऐसे अधिकतर घटनाओं के मूल में नशा एक बड़ा कारण बनता जा रहा है। शराबबंदी का वादा करके कांग्रेस सत्ता में आई और शराबबंदी तो दूर शहर में सूखा नशा गली-गली में आसानी से उपलब्ध है। सरकार इस पर रोक लगाने के बजाय तबादला उद्योग में मस्त है।
जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने कहा कि चिंता का विषय है कि अब छोटे-छोटे नाबालिक बच्चे के साथ अब नाबालिग लड़कियां भी नशे में फंसकर जघन्य हत्याकांड जैसे अपराध कर रहे हैं। राजधानी में कुछ दिन पहले स्कूल में छोटी सी बात को लेकर दसवीं के बच्चे की उनके ही हम उम्र नाबालिक छात्रों द्वारा पीट-पीटकर हत्या की घटना हो या रास्ता ना देने जैसी मामूली बात पर छुरा घोंप कर एक युवक की हत्या ,ये घटनाएं समाज को उद्वेलित कर रही है परंतु भूपेश की कांग्रेसी सरकार नशा माफियाओं के पैसे की पिनक में है। उन्होंने कहा कि देश में जिस प्रकार प्रशासनिक फेरबदल हो रहे हैं उससे प्रशासनिक वर्ग में भी असमंजस की स्थिति है वे समझ नहीं पा रहे कि सरकार के संरक्षण में चल रहे माफियाओं पर कार्यवाही करने से कही उन पर गाज न गिर जाए। उन्होंने कहा है कि सरकार के संरक्षण में अब देहव्यापार प्रदेश ने उद्योग का दर्जा प्राप्त करता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे नशे में लड़खड़ा रही सरकार को होश में लाने के लिए कल रायपुर जिले में निवासरत सभी भाजपा पदाधिकारी, पार्षद गण, मंडल अध्यक्ष के साथ सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता सुबह 12:00 बजे एलआईसी भवन के सामने, एक्सप्रेस वे, पंडरी मार्ग के पास एकत्र होकर विधानसभा घेराव करने निकलेगी।