ईडी के खिलाफ कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन, भूपेश बोले -भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही

Chhattisgarh

रायपुर। नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे गए ईडी के समन और पूछताछ के विरोध में कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में ईडी दफ्तर के सामने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में प्रदेशभर से जुटे कांग्रेसियों के सामने सीएम भूपेश बघेल केंद्र सरकार और ईडी पर जमकर बरसे। उन्होंने मोदी सरकार और ईडी को ललकारते हुए कहा, केंद्र सरकार में यदि हिम्मत है और ईडी के अफसरों ने मां का दूध पिया है तो कैमरा लगाकर उसका लिंक सार्वजनिक करें और कैमरे के सामने सोनिया गांधी से पूछताछ करें। देश जानना चाहता है कि आखिर ईडी के अफसर सोनिया गांधी से क्या सवाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने हमेशा सरकार में रहते हुए विपक्ष का सम्मान किया। देश जानता है कि जब अटल बिहारी बाजपेयी बीमार पड़े तो उनका इलाज हिन्दुस्तान में नहीं हो सकता था। तब राजीव गांधी ने उनको अमेरिका भेजकर इलाज करवाया। आज के प्रधानमंत्री, स्व. राजीव गांधी की पत्नी सोनिया गांधी जो बीमार हैं, 75 वर्षीय हैं, उनसे लिखित में बयान ले सकते थे, लेकिन ईडी के कार्यालय बुलाकर उनको परेशान कर रहे हैं। भाजपा की सरकार बदले की भावना रखती है।

गुरुवार को रायपुर में पुजारी पार्क स्थित ईडी दफ्तर के सामने प्रदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित मंत्री, कांग्रेस विधायक, पदाधिकारी और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आए कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, शर्म आनी चाहिए इन लोगों को प्रजातंत्र में लोकतंत्र में कभी कोई और सत्ता में रहते हैं, कभी कोई और सत्ता में रहते हैं। विपक्ष का सम्मान हमारे कांग्रेस पार्टी के नेता करते थे। पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी जिनके नेतृत्व में कांग्रेस ने एक नहीं दो-दो बार केंद्र में सरकार बनाई। वे चाहतीं तो प्रधानमंत्री बन सकते थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री की कुर्सी को एक बार नहीं, दो दो बार ठोकर मारी है। ईडी ने 2015 में नेशनल हेराल्ड केस बंद किया था। अब देश जानना चाहता है कि आखिर ईडी पूछती क्या है? ऐसे में केंद्र सरकार को कैमरा लगवाना चाहिए, ताकि ईडी पूछताछ की कार्रवाई सीधे जनता देख सके।
चिटफंड घोटाले की जांच करें
मुख्यमंत्री ने पनामा पेपर मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह पर एक बार फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके बेटे अभिषेक सिंह का पनामा पेपर में नाम आया है, जिसकी शिकायत भी हुई है। ईडी रमन सिंह और उनके परिवार पर कार्रवाई क्यों नहीं करती? 6000 करोड़ रुपए का चिटफंड घोटाला हुआ। डॉ. रमन सिंह के कई मामलों की शिकायत ईडी में हुई है, अधिकारी इस मामले की जांच करके दिखाएं।
घोटाले का अब तक खुलासा नहीं
उन्होंने कहा, उनके कार्यकाल में नान घोटाला हुआ, जिसकी ईडी जांच कर रही है। इसके बाद भी सीएम मैडम और सीएम सर कौन था? इसका खुलासा अब तक नहीं हुआ। महाराष्ट्र में सरकार बदल गई तो ईडी, आईटी, नारकोटिक्स के अधिकारी कार्रवाई नहीं करेंगे। गैर भाजपा शाषित राज्यों में ईडी, आईटी की कार्रवाई हो रही है।
मरकाम बोले- भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रही
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, ईडी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रही है। इसकी भूमिका मोदी सरकार में भाजपा के प्रचार-प्रसार तंत्र के अलावा कुछ नहीं है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी, मोदी सरकार से सवाल पूछते हैं जो जनता से जुड़े एवं देश के भविष्य से संबंधित हैं। उन सवालों से बचने मोदी सरकार ईडी का नोटिस भेजती है। पूरी कांग्रेस पार्टी भाजपा के इन हथकंडों का डट कर मुकाबला करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *