केंद्र सरकार संविधान को खत्म करने का प्रयास कर रही

Chhattisgarh

रायपुर : कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लिलोठिया ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला करते हुए कहा, केंद्र की मोदी सरकार देश के नौजवानों की जिंदगी झुलसाने का काम कर रही है। भाजपा सरकार में आरएसएस की विचारधारा के चलते संविधान को खत्म करने का प्रयास हो रहा है। संविधान में डॉ. आंबेडकर ने हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया, पर केंद्र सरकार संविधान के हर पन्ने को फाड़ने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ेगी। मोदी सरकार साजिश के तहत एससी, एसटी और अल्पसंख्यक वर्ग को मिलने वाले आरक्षण को खत्म करने का प्रयास कर रही है।
राजीव भवन मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने अनुसूचित वर्ग के लिए काम किया है। इन वर्गाें के उत्थान के लिए कांग्रेस हमेशा आगे रही है। उन्होंने बताया कि इसी संदर्भ में अनुसूचित जाति मोर्चा ने प्रदेश के अनुसूचित जाति के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया है। उनको कैसे आगे बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इसमें शामिल हुए। बैठक में अजा के सभी मुद्दों पर चर्चा की गई। मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने अनुसूचित जाति को 13 फीसदी आरक्षण दिए जाने, अनुसूचित जाति के लिए पृथक विभाग, बजट की 12 फीसदी राशि अनुसूचित जाति के लोगों के विकास के लिए खर्च किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा, सरकार इस मांग को पूरा करने प्रयास कर रही है।
पदोन्नति में आरक्षण की मांग
अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में अनुसूचित जाति को 13 % आरक्षण और पदोन्नति में आरक्षण, इस वर्ग के लोगों के लिए अलग से विभाग बनाने की मांग रखी गई। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राइस किंग खुंटे ने बताया कि अजा के लिए 10 सीटें आरक्षित हैं, इसके अलावा सामान्य क्षेत्र की कई सीटों ने इनकी संख्या काफी अधिक है, वहां पर भी मौका देने की मांग की है। प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पा पाटले ने बताया कि मुख्यमंत्री से आयोग और निगम मंडल में इन वर्ग के लोगों को शामिल किए जाने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आरक्षण पर कोर्ट से स्टे है, इसे वेकेंट कराने का प्रयास हो रहा है। अगर नहीं होता तो विधानसभा में बिल लाकर इसे पूरा करेंगे।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *