कांग्रेस ने जारी किया टुकड़े-टुकड़े गैंग का घोषणापत्र! : भाजपा

Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ : रायपुर भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए जारी कांग्रेस के घोषणापत्र को टुकड़े-टुकड़े गैंग को खुश करने वाला राजनीतिक मसौदा करार देते हुए कहा है कि कांग्रेस का यह घोषणापत्र देश की सुरक्षा पर क्रूरतम प्रहार है। इस घोषणापत्र से कांग्रेस का असल चेहरा सामने आ गया है कि वह वोट की खातिर देश तोड़ने के लिए तैयार है। कांग्रेस हमेशा से सेना के शौर्य और शहादत का अपमान करती आई है और अब तो उसने यह स्पष्ट कर दिया है कि उसे देश का स्वाभिमान नहीं अपनी सरकार चाहिए। चाहे वह देश के नागरिकों तथा देश की सुरक्षा की कीमत पर ही क्यों न हो।
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस के घोषणापत्र को देश विरोधी ताकतों को समर्थन का खुला पैगाम ठहराते हुए कहा है कि कांग्रेस दुनिया की सबसे अनुशासित सेना के अधिकार को क्यों छीनना चाहती है? देशद्रोह कानून खत्म करने का इरादा व्यक्त करने वाली कांग्रेस ने कश्मीर में आतंकवादियों से ऐसा कौन सा समझौता कर लिया है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा से इतना खतरनाक खेल खेलने पर आमादा है। डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों को क्रांतिकारी बताने वाली कांग्रेस, कश्मीर में आतंकवादियों की खैर-ख्वाह बनकर सामने आने वाली कांग्रेस से इस देश को कुछ ऐसी ही आशंका थी कि वह अपने वैचारिक रिश्तेदारों के साथ मिलकर देश के साथ षड्यंत्र करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कांग्रेस के घोषणापत्र को भारत विरोधी और आतंकवाद समर्थक दस्तावेज बताते हुए कहा है कि कांग्रेस अब तक तुष्टिकरण का जो गंदा एजेंडा चलाती रही है अब वह यहां तक गिर गई कि वोटों की खातिर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर खुला ऐलान करने की बेशर्मी पर उतर आई। भारत के दुश्मन ही ऐसा सोच सकते हैं कि भारतीय सेना की ताकत में कमी आए। कांग्रेस का घोषणापत्र भारत विरोधियों की सोच पर अपनी स्वीकृति की मुहर लगाने वाला नहीं तो और क्या है? कांग्रेस हमारी सेना की ताकत छीन लेना चाहती है। आतंकवादियों को क्रांतिकारी जैसा सम्मान देना चाहती है। अब तो नक्सलियों, अलगाववादियों, आतंकवादियों से कांग्रेस की हमदर्दी पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। भारत की जनता कांग्रेस को उसकी देश विरोधी सोच का मुंहतोड़ जवाब देगी।

छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के हित में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और स्पेस स्ट्राइक के जवाब में कांग्रेस ने देश की सेना के ही खिलाफ पॉलिटिकल स्ट्राइक का घृणित नमूना पेश कर दिया है। देश की जनता तय करेगी कि उसे भारत का स्वाभिमान चाहिए, विकास चाहिए या भारत विरोधी ताकतों को गले लगाने वाली कांग्रेस चाहिए। कौशिक ने कहा कि देश की जनता को तरह-तरह के सपने दिखाने वाली कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में यह जाहिर कर दिया है कि उसे जब देश से ही कोई लेना-देना नहीं है तो देश की जनता से क्या रिश्ता निभाएगी। जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कामयाब नहीं होने वाली। आज देश की जनता के सामने कांग्रेस का चरित्र बेपर्दा हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *