राष्ट्रपति चुनाव से पहले गरमाई सियासत, दोनों दल फिर आमने सामने…मुख्यमंत्री ने कहा- सिन्हा भाजपा के मंत्री रहे हैं, तो क्या भाजपाई उनको वोट देंगे

Uncategorized

रायपुर। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के पक्ष में है, तो भाजपा एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में अभियान चला रही है। छत्तीसगढ़ में ट्राइबल विधायकों से उन्हें समर्थन देने की अपील भाजपा ने की है। भाजपा के नेता आदिवासी इलाकों में जाकर ये प्रचारित करेंगे कि उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू हैं। कांग्रेस के नेताओं से भी उनको सपोर्ट करने की अपील की जाएगी। इधर भाजपा प्रदेश सहप्रभारी के एक बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा भाजपा के नेता और अटल बिहारी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे हैं। ऐसे में क्या भाजपा के सांसद और विधायक यशवंत सिन्हा को देंगे वोट?
बताया जाता है कि भाजपा समर्थित राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू 15 जुलाई को राज्य के विधायकों और सांसदों का समर्थन मांगने छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रही हैं। वे यहां पर भाजपा सांसदों और विधायकों से मुलाकात करेंगी। इधर भाजपा ने एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में समर्थन जुटाने अलग-अलग स्तर पर बातचीत शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम से बात करने अधिकृत किया गया है। मोहन मरकाम से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने पहले ही यूपीए प्रत्याशी को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर अभी तक चर्चा के प्रस्ताव पर कहा कि अभी तक ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि मिलने में कोई बुराई नहीं है।
चंद्रा बोले- मायावती मुर्मू के पक्ष में
द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान विधायकों को बैठक के लिए बुलाया गया है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भाजपा विधायक और सांसदों की बैठक में बसपा के विधायकों को भी बुलाया है। बसपा विधायक केशव चंद्रा ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष का इस संबंध में फोन आया था। बैठक में शामिल होना है कि नहीं अभी तय नहीं किया गया है। उन्होंने चुनाव में किसे समर्थन देंगे, इस सवाल पर कहा कि पार्टी मुख्यालय से अभी कोई निर्देश नहीं मिला है। हालांकि पार्टी सुप्रीमो मायावती ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का स्टेटमेंट दिया है।

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस के आदिवासी विधायक यदि आदिवासियों के इतने हितैषी हैं तो, उन्हें देश में पहली बार बनने जा रही आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कांग्रेस के सभी आदिवासी विधायकों की ओर से समर्थन की खुली घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने मंत्री कवासी लखमा को टैग कर कहा कि उन्हें इसकी घोषणा करनी चाहिए।
कल पहुंचेगा मतपत्र
राष्ट्रपति चुनाव 2022 के लिए 18 जुलाई को मतदान होना है। राष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा, राज्यसभा और प्रदेशों की विधानसभाओं के सदस्य मतदान करेंगे। चुनाव के लिए बैलेट बाॅक्स और बैलेट पेपर दिल्ली से 13 जुलाई को यहां पहुंचेगा। मतदान हेतु छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय के समिति कक्ष क्रमांक-2 को मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान के बाद सीलबंद मतपेटी एवं अन्य सामग्री नई दिल्ली में ही जमा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *