विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पृथ्वी अनमोल है प्रकृति संग संतुलन बनायें” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन

Uncategorized

रायपुर : आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने विरासत में स्वस्थ्य और स्वच्छ वातावरण सौंपा है। हम सब का दायित्व है कि उसे और बेहतर करते हुए भावी पीढ़ी को सौंपें। अकबर ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “पृथ्वी अनमोल है प्रकृति संग संतुलन बनायें विषय पर आधारित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति और जीवन के बीच गहरा संबंध होता है। इसके संरक्षण तथा संवर्धन में ही जीवन की सुरक्षा और हमारे भविष्य की खुशहाली निर्भर है। वर्तमान में पर्यावरण का संरक्षण व प्रदूषण पर रोकथाम अत्यंत आवश्यक है और इसमें हम सबकी भागीदारी होनी चाहिये।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री सत्यनाराण शर्मा ने कहा कि प्रकृति हमारी धरोहर है और इसे बचाने के लिये पूरे विश्व को एक जुट हो कर सामूहिक प्रयास करना होगा। कार्यक्रम को प्रमुख वक्ता, डॉ के. सुब्रमणियम ने कहा कि वन और पर्यावरण प्रकृति प्रदत्त एक अमूल्य उपहार है। वन हजारों किस्म के प्रजातियों के जीव-जन्तुओं के लिए संतुलित वातावरण उपलब्ध कराते हैं। इसके संरक्षण और संवर्धन पर ही हम सबकी भलाई निहित है।

स्वागत भाषण देते हुए मण्डल के सदस्य सचिव  आर.पी. तिवारी ने कहा पर्यावरण संरक्षण एक सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है। हर नागरिक को इसमें भागीदार बनना होगा।  तिवारी जी ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।

पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा राज्य शासन के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सतत् कार्यवाही की जा रही है, जिसमें छ.ग. राज्य के प्रमुख शहर रायपुर, भिलाई- दुर्ग, कोरबा एवं रायगढ़ में सतत् परिवेशीय वायु गुणवत्ता मापण हेतु मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। साथ ही राज्य के 05 प्रमुख नदियों महानदी, शिवनाथ, खारून, हसदेव एवं केलो नदी के जल गुणवत्ता के सतत् मापन हेतु मॉनिटरिंग स्टेशन के स्थापना का कार्य किया जा रहा है।

छ.ग. पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा सेक्टर 19 अटल नगर, नवा रायपुर में आधुनिक केन्द्रीय पर्यावरण प्रयोगशाला का स्थापना कार्य प्रगति पर है। जिसमें पर्यावरण के विभिन्न घटकों की विश्वस्तरीय जांच की सुविधा होगी। श्री तिवारी ने प्रदूषण नियंत्रण हेतु मण्डल द्वारा की जा रही कार्यवाही की सिलसिले वार जानकारी दी। कार्यक्रम में माईम शो के जरिये भारत माता इंग्लिश मीडियम स्कूल के बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।

मण्डल द्वारा प्रातः 06:00 बजे से सी.ई.ओ. लाउन्ज़ के साथ मिलकर एक साईकिल रैली आयोजित की गई जिसे संसदीय सचिव, श्री विकास उपाध्याय ने हरी झण्डी दिखाई। रैली में लगभग 350 स्कूलीं एवं अन्य लोगों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *