रायपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। राजधानी के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आकर्षक साज-सज्जा, रोशनी और आयोजन समिति की ओर से किए गए व्यापक इंतजामों के बीच छठ व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।

इस दौरान नरैया तालाब में मौजूद 85 वर्षीय दादी अम्मा ने सूर्य को अर्घ्य देने की धार्मिक मान्यता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व में डूबते और उगते सूर्य दोनों को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार, डूबते सूर्य में प्रत्युषा किरण और उदीयमान सूर्य में उषा किरण का महत्व माना जाता है। इसी मान्यता के आधार पर छठ व्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपनी पूजा पूर्ण करते हैं।

करीब पांच दशक से नरैया तालाब में छठ पूजा का आयोजन हो रहा है। इस वजह से यह घाट शहर के पुराने और प्रमुख छठ पूजा स्थलों में शामिल है। पूजा के दौरान तालाब के चारों ओर श्रद्धालुओं के साथ मॉर्निंग वॉक करने आने वाले लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि अब नरैया तालाब के चारों ओर मॉर्निंग वॉक करने बड़ी संख्या में लोग आते हैं। वे भी छठ पूजा में श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं। समिति के परमवीर और सुमित सिंह ने बताया कि मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले लोग पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं और भंडारे में भी आत्मीयता से शामिल होते हैं।

देवेंद्र दुबे और सौरभ शर्मा ने बताया कि दशकों से यहां छठ पूजा का आयोजन हो रहा है। इस दौरान कभी किसी तरह का विवाद या व्यवधान देखने को नहीं मिला। सभी लोग आपसी सहयोग और सहमति से पूजा के सभी अनुष्ठान संपन्न कराते हैं। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बैठने की व्यवस्था, टेंट, सजावट और अन्य जरूरी इंतजाम किए जाते हैं।सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व के सभी अनुष्ठान पूर्ण हुए।