खैरागढ़ उपचुनाव: कांग्रेस ने यशोदा वर्मा को बनाया प्रत्याशी

Uncategorized

रायपुर। खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए कांग्रेस ने यशोदा वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। यशोदा राजनांदगांव जिला पंचायत की पूर्व सदस्य और खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष हैं। मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने यशोदा वर्मा को प्रत्याशी बनाने का पत्र जारी किया है।
चुनाव समिति की बैठक के समय ही जिन सात लोगों के पैनल को सबसे गंभीर दावेदार बताया जा रहा है, उनमें भी तीन नाम महिलाओं के थे। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में 24 दावेदारों के नाम सामने आए थे। उनमें से एक-एक नाम पर चर्चा हुई। उसके बाद अधिक गंभीर और जीतने वाले 7 नाम छांटकर अलग किए गए। उनमें पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, यशोदा वर्मा, दशमत जंघेल, ममता पाल और पदम कोठारी का नाम शामिल था। इन सात नामों को केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा गया था।
घोषणा के बाद खरीदा नामांकन
कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होते ही यशोदा वर्मा ने जिला पंचायत भवन पहुंचकर नामांकन फार्म ले लिया। समर्थकों के साथ पहुंची यशोदा ने फार्म लिया। हालांकि मंगलवार को चौथे दिन भी किसी का नामांकन फार्म जमा नहीं हुआ। अब तक स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत सदस्य विप्लव साहू का ही नामांकन दाखिल हो पाया है। कांग्रेस प्रत्याशी बुधवार या गुरूवार को वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में रैली के साथ नामांकन फार्म जमा करने पहुंचेंगी।
लोधी समाज की महिला विंग की जिलाध्यक्ष हैं
अपने गृह ग्राम देवारीभाट से सरपंच के रूप में राजनीतिक सफर शुरू करने वाली यशोदा जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकीं हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस से उनकी मजबूत दावेदारी थी। इस बार भी सर्वे में उनका नाम हर बार पहले क्रम पर आया था। वे वर्तमान में लोधी समाज की महिला विंग की जिलाध्यक्ष भी हैं। मूलत: किसान परिवार से जुड़ी यशोदा के पति नीलांबर वर्मा भी कांग्रेस में सक्रिय हैं। वे जनपद सदस्य के अलावा ब्लाक कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *