चित्रा पटेल : रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में असामयिक वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों और घरों को हुई क्षति का त्वरित आकलन करने के निर्देश सभी कलेक्टर को दिए हैं। उन्होंने संग्रहण केंद्रों में रखे धान को बचाने के लिए कैप कवर लगाने और पानी निकासी की व्यवस्था करने को भी कहा है। इधर नुकसान की जानकारी लेने मंदिर हसौद धान संग्रहण केंद्र पहुंचे खाद्य मंत्री अमरजीत भगत भीगा हुआ धान देखकर भड़क उठे। वहीं आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश के कारण धान खरीदी भी प्रभावित हुई। खुले में पड़ा धान भीगा है उसके ही ठीक करने में समिति के लोग लगे रहे।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में भारी बरसात की सूचना के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है। मुख्यमंत्री ने वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों और घरों को हुई क्षति का तुरंत आंकलन करने के निर्देश सभी कलेक्टर को दिए हैं। उन्होंने कहा है, प्रभावित लोगों को राजस्व नियमों और प्रावधानों के तहत तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को वर्षा और ओला वृष्टि से संग्रहण केन्द्रों में रखे धान को बचाने के लिए कैप कवर लगाने और पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। इस बरसात की वजह से प्रदेश भर में धान की कटी हुई फसल, खलिहानों, खरीदी केंद्रों, संग्रहण केंद्रों में रखे धान को भारी नुकसान पहुंचा है। कई क्षेत्रों में प्रशासन सुबह से धान की बोरियों पर कैप कवर लगा रहा है। यह तब है जब मंगलवार दोपहर से रात तक बरसात हो चुकी है। उसमें धान भीगा है। कई केंद्रों पर जलजमाव भी हुआ है।
नुकसान की मंगाई जानकारी
कल रात से हो रही बारिश के कारण धान खरीदी केंद्रों में धान भींगने की जानकारी मार्कफेड ने मंगाई है। सीाी समिति प्रबंधकों को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि धान को सुरक्षित रखने में की गई लापरवाही न करें। साथ ही कितना धान भींगने से खराब हुआ है उसकी जानकारी मंगाई है।
6 समिति प्रबंधक निलंबित
खाद्य मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने बुधवार को रायपुर जिले के धान खरीदी केंद्रों में असामयिक वर्षा से धान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर रायपुर जिले के 6 समिति प्रबंधकों को निलंबित कर दिया गया है। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने मंदिरहसौद, जरौद और नारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इन उपार्जनकेंद्र प्रभारी के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी तरह कलेक्टर सौरभ कुमार ने बंगोली और दौंदेकला उपार्जन केन्द्र में बारिश से धान की सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर केन्द्र प्रभारी के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उप पंजीयक सहकारी संस्था रायपुर एनआरके चंद्रवंशी ने बताया कि छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम, नियम एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति कर्मचारी सेवा नियम के तहत अपने कर्तव्य पालन में लापरवाही बरतने के कारण दोंदेकला के प्रभारी समिति प्रबंधक किशन लाल सोनवानी, बंगोली के मुकेश वर्मा, मंदिरहसौद के शिव पटेल, जरौद के विश्वजीत विश्वास, नारा के अशोक साहू और सरोरा के परमेश्वर प्रसाद शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
कई जगहाें पर नहीं खरीदा गया कैप कवर
मंत्री अमरजीत भगत ने कहा, जब कैप कवर खरीदने के लिए पूरा पैसा मिलता है तो उसे खरीदा क्यों नहीं गया। ऐसी स्थिति क्यों बनी कि धान को बिना ढंके ही भीगने के लिए छोड़ दिया गया। उन्होंने अधिकारियों से इसके लिए जिम्मेदार लोगों की शिनाख्त करने को कहा है। उन्होंने कहा, यह पूरी तरह से लापरवाही है। ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञात हाे कि धान के भंडारण और सुरक्षा की जिम्मेदारी समिति प्रबंधकों को है। उन्हें सुरक्षा व्यय से आवश्यकता अनुसार कैप कवर खरीदी करने का अधिकार है।