डाॅ. भागवत के प्रवास पर पुनिया की टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता का पलटवार

Chhattisgarh

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया द्वारा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डाॅ. मोहन भागवत के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा है कि रास्वसं के सरसंघचालक डाॅ. भागवत के प्रवास को भाजपा की राजनीतिक तैयारियों से जोड़कर पीसीसी प्रभारी पुनिया ने अपनी राजनीतिक अज्ञानता का ही परिचय दिया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री मूणत ने कहा कि रास्वसं की कार्य पध्दति की समझ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी को कतई नहीं है और इसलिए संघ कार्य के लिए हो रहे प्रवास को भाजपा से जोड़कर अपने राजनीतिक भय को छिपाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक दल के तौर पर प्रदेश की भावी आशा का केन्द्र है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने पराक्रम व पुरुषार्थ से भाजपा के आधार को मजबूत किया है। संघ के सरसंघचालक डाॅ. भागवत का हर वर्ष संघ कार्य के सिलसिले में देश के हर प्रदेशों में प्रवास होता है, उसे राजनीतिक चश्मे से देखकर कांग्रेस नेता पुनिया ने साबित कर दिया कि पूरी कांग्रेस को संघ का फोबिया सता रहा है और अपने संघ-विरोधी प्रलाप में उन्हें गाहे-बगाहे संघ के खिलाफ अनर्गल विषवमन करने की लत पड़ गई है। मूणत ने कहा कि भाजपा की जमीन की चिंता करने के बजाय ढाई-ढाई साल के मुद्दे और प्रदेश के हर मोर्चें पर अपनी प्रदेश सरकार के नाकारापन से उपजी खाई की फिक्र कांग्रेस नेता करें। खुद की खिसकती राजनीतिक जमीन का पता कांग्रेस नेताओं को है नहीं, और भाजपा और संघ के रिश्तों पर अपनी अज्ञानता का फूहड़ प्रदर्शन करते रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *