रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा केंद्र सरकार की एक देश एक किसान एक मंडी योजना का विरोध करने पर तंज कसा है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई बैठक में मुख्यमंत्री बघेल ने एक बार फिर अपने दोहरे राजनीतिक और किसान विरोधी चरित्र का परिचय दिया है।
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों वे किसानों का हितैषी होने का स्वांग रचते है और उनके साथ दग़ाबाजी करते हैं तो अपनी ‘परिवार भक्ति’ का प्रदर्शन करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व की चाटुकारिता करते हुए ‘दरबार’ में अपना नंबर बढाने केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजना व कार्यक्रमों का बेज़ा विरोध करने लगते हैं। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की एक देश एक किसान एक मंडी योजना से देशभर के किसानों को अपनी हर तरह की उपज देश के किसी भी हिस्से में ले जाकर बेचने की सुविधा मिल रही है और प्रदेश के मुख्यमंत्री इस योजना की मुख़ालफ़त करके किसानों के हितों पर चोट कर रहे हैं। शर्मा ने मुख्यमंत्री बघेल को नसीहत दी कि वे किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के हर काम का विरोध करने की संकीर्ण मानसिकता से उबरें और किसानों के हित में सार्थक काम करके अब तक के अपने किसान विरोधी कृत्यों का प्रायश्चित करें।