विविध कार्यक्रमों के साथ महिला मोर्चा आज मनाएगा महिला दिवस

Chhattisgarh

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा कल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम रखेगा। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी विभा अवस्थी ने बताया कि प्रदेशभर में मंडल स्तर पर मोर्चा द्वारा महिला दिवस के कार्यक्रम रखे जाएंगे। इस दौरान कार्यक्षेत्र की उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी इस दिन देवरीखुर्द, शिवरीनारायण, बिलासपुर के कार्यक्रमों में हिस्से लेने के बाद शाम को राजधानी में आयोजित मोर्चा के कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।मोर्चा मीडिया प्रभारी अवस्थी ने बताया कि कल आठ मार्च को मोर्चा के कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं को केन्द्र में रखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं के साथ संगोष्ठी आयोजित की जाएगी ताकि इन योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव व परिवर्तन से समाज के सभी तबके अवगत हो सकें। इसी तरह केन्द्र सरकार की महिला संबंधी कुछ योजनाओं के प्रति जागृति लाने के लिए प्रदर्शनी लगाए जाने और उन पर विस्तृत चर्चा करने का कार्यक्रम भी है। श्रीमती अवस्थी ने बताया कि मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार मोर्चा ने महिला दिवस के दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत शनिवार सात मार्च को प्रधानमंत्री भारतीय जन-औषधि परियोजना की लाभार्थी महिलाओं की प्रधानमंत्री से चर्चा कराई गई जिसका जीवंत प्रसारण मंडल स्तर पर मोर्चा इकाइयों ने प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *