किसानों की कर्ज माफी और धान की कीमत 2500 रू. होने पर भाजपा के पेट में दर्द हो रहा : सुशील आनंद शुक्ला 

Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ : रायपुर 21 दिसंबर भाजपा नेता पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर द्वारा कांग्रेस सरकार के द्वारा किसानों के कर्ज माफी के निर्णय के सम्बंध में दिए गए बयान का कांग्रेस ने कड़ा प्रतिवाद किया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के एक घण्टे के अंदर किसानों का कर्जा माफ कर दिया है। अजय चंद्राकर में हिम्मत है तो वे अपनी घोषणा के अनुसार विधायक पद से तत्काल इस्तीफा दें। अजय चंद्राकर जैसे नेताओं की बदज़ुबानी और अहंकार के कारण ही छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की इतनी दुर्गति हुई है। अब जनता ने तो भाजपा को सम्मानजनक विपक्ष कहलाने के लायक भी नही छोड़ा है, सदन के तिहत्तर फीसदी से भी अधिक हिस्से में कांग्रेस के विधायक बैठ कर राज्य के हितों के लिए काम करेंगे। भाजपा नेता अपने अहंकार और अशिष्ट आचरण में बदलाव नही करेंगे तो कुछ दिनों बाद छत्तीसगढ़ में भाजपा बीते दिनों की पार्टी बन जाएगी। भारतीय जनता पार्टी ने अपने पंद्रह वर्षो के शासन काल में राज्य के किसानों के साथ-साथ प्रदेश के हर वर्ग के साथ वायदा खिलाफी की थी। किसानों को पूरे पांच साल बोनस का वायदा कर दो वर्ष का बोनस नही दिया था। धान का समर्थन मूल्य 2100 रु. प्रतिक्विंटल करने का वायदा कर भाजपा ने नही दिया। आज जब कांग्रेस ने अपनी घोषणा के अनुसार किसानों का कर्जा माफ कर दिया, धान की खरीदी 2500 रु. प्रतिक्विंटल में करना शुरू कर दिया है तब कांग्रेस सरकार के द्वारा किसानों के हित में लिये जा रहे निर्णयों से भाजपा नेताओं के पेट मे दर्द होना शुरू हो गया है। कर्ज माफी का विरोध कर अजय चंद्राकर किसानों का विरोध कर रहे हैं। वही राज्य है, वही संसाधन हैं कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की इच्छाशक्ति और खेती और किसानों के प्रति प्रतिबद्धता है कि आज छत्तीसगढ़ के किसान ऋण मुक्त हो गये है और उनके धान की कीमत 2500 रु. हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *