बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नेलसनार थाना क्षेत्र के पांडेमुर्गा चौक के पास नेशनल हाईवे-63 पर करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी और नकदी की कथित लूट का मामला फर्जी निकला है। गीदम के सोना-चांदी व्यापारी स्वरूप सोनी ने कर्ज से बचने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि व्यापारी ने इस कथित वारदात में अपने साथ मौजूद कपड़ा व्यापारी और तूफान वाहन चालक को भी शामिल किया था।पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने पहुंचकर शिकायत की थी कि वह भैरमगढ़ स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान से तूफान वाहन में चालक देवेंद्र ठाकुर और कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ के साथ गीदम लौट रहा था। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे पांडेमुर्गा के आसपास जंगल के पास तीन अज्ञात लोगों ने पिस्टल और चाकू जैसे हथियार दिखाकर उनका बैग लूट लिया। बैग में करीब दो करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी होने की बात कही गई थी।

आरोपियों ने तीनों के मोबाइल फोन भी लूटने की शिकायत की गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन किया। आसपास के सीमावर्ती जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई गई। पुलिस अधीक्षक स्वयं पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे थे। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और करीब 16 घंटे तक लगातार नाकेबंदी जारी रखी।
जांच के दौरान कथित रूप से लूटे गए तीनों मोबाइल फोन हाईवे से लगे जंगल में एक ही स्थान पर सुरक्षित और चालू हालत में बरामद हुए। इससे पुलिस को शिकायत पर संदेह हुआ। इसके बाद तीनों कथित पीड़ितों से अलग-अलग पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पूछताछ में उनके बयान अलग-अलग पाए गए।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि व्यापारी पर काफी कर्ज था और कर्ज चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आर्थिक परेशानी और कर्ज से बचने की मंशा से उसने लूट की मनगढ़ंत कहानी तैयार की थी।
अंततः व्यापारी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि लूट की पूरी घटना झूठी थी और उसने कपड़ा व्यापारी तथा वाहन चालक को भी इस कहानी में शामिल किया था।तीन थाना प्रभारियों की टीम ने किया खुलासाइस कार्रवाई में बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल और एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन एक्का के निर्देशन में तीन टीमों ने काम किया। इनमें बीजापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा, भैरमगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश तिवारी और नेलसनार थाना प्रभारी निरीक्षक विवेकानंद पटेल शामिल रहे।
एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने आम जनता से अपील की है कि पुलिस को कभी भी झूठी सूचना देकर गुमराह करने का प्रयास न करें। झूठी रिपोर्ट दर्ज कराना आपराधिक कृत्य है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।