कोल्हापुर में गोकुल डेयरी को लेकर किसानों का शक्ति प्रदर्शन, सरकार के फैसले के खिलाफ हजारों दुग्ध उत्पादक सड़कों पर उतरे,चुनाव में MVA को मिली थी 13 सीटें

Uncategorized

कोल्हापुर। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में गोकुल डेयरी (कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ) को लेकर राजनीतिक और सहकारी क्षेत्र में विवाद गहरा गया है। राज्य सरकार के फैसले के विरोध में हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों और गोकुल डेयरी संघ के सदस्यों ने सड़कों पर उतरकर विशाल मोर्चा निकाला। प्रदर्शनकारियों ने सरकार द्वारा डेयरी के बोर्ड में चार विशेषज्ञ निदेशकों की नियुक्ति किए जाने का विरोध किया।दरअसल, हाल ही में हुए गोकुल डेयरी के संचालक मंडल के चुनाव में कांग्रेस नेता सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले महाविकास आघाड़ी (MVA) समर्थित पैनल ने 25 में से 13 सीटों पर जीत हासिल कर बहुमत प्राप्त किया था।

वहीं, भाजपा समर्थित महायुति गठबंधन को 12 सीटें मिली थीं।चुनाव परिणाम के बाद महाराष्ट्र सरकार ने सहकारिता कानून में अध्यादेश के माध्यम से बदलाव करते हुए गोकुल डेयरी में चार विशेषज्ञ निदेशकों की नियुक्ति का प्रावधान किया। इन निदेशकों को मतदान का अधिकार दिए जाने के फैसले ने पूरे विवाद को और बढ़ा दिया है।

विरोधियों का कहना है कि इस फैसले से निर्वाचित संचालक मंडल का मूल समीकरण प्रभावित होगा और महायुति को बोर्ड में अतिरिक्त समर्थन मिल सकता है।कांग्रेस समर्थक नेताओं और दुग्ध उत्पादक किसानों का आरोप है कि चुनाव में बहुमत नहीं मिलने के बावजूद भाजपा सरकार मनोनीत निदेशकों के जरिए डेयरी के संचालन में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इसी फैसले के खिलाफ किसानों ने एकजुट होकर मोर्चा निकाला और सरकार से नियुक्ति संबंधी निर्णय वापस लेने की मांग की।गोकुल डेयरी का यह विवाद अब केवल सहकारी संस्था के संचालक मंडल तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि महाराष्ट्र में सहकारिता की राजनीति और किसानों के प्रतिनिधित्व को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *