रायपुर में बटनदार चाकू लेकर घूम रहा आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में स्थायी वारंट भी जारी

Uncategorized

रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने पुरैना तालाब के पास बटनदार धारदार चाकू लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में तेलीबांधा थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होने और इस प्रकरण में न्यायालय से स्थायी वारंट जारी होने की जानकारी भी सामने आई है।पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरैना तालाब के पास एक व्यक्ति धारदार बटनदार चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम भूपेंद्र कुमार ध्रुव (31 वर्ष), निवासी अमलीडीह, रायपुर बताया।तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का बटनदार चाकू मिला। चाकू के एक तरफ धारदार नुकीला हिस्सा और दूसरी तरफ कटरनुमा हिस्सा था। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 372/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में थाना तेलीबांधा में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज है। इस मामले में उसके विरुद्ध न्यायालय ने स्थायी वारंट जारी किया था। पुलिस के मुताबिक, पुराने मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर के नेतृत्व में की गई। पुलिस क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *