24 घंटे में लूट का खुलासा: प्लांट कर्मी से मारपीट कर ₹1500 लूटने वाले तीन पकड़ाए, रकम और ब्लेड बरामद

Uncategorized

रायगढ़। ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने प्लांट कर्मी से मारपीट कर ₹1500 लूटने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें एक युवक और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम ₹1500 और वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात ग्राम नवारा, बिहार निवासी बबलू चौहान (29) रेलवे स्टेशन से ट्रेन की जानकारी लेने पहुंचा था। खाना खाने के बाद वह ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और पैसों की मांग करते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की और इसी दौरान एक नाबालिग ने ब्लेड से चोट पहुंचाकर उसकी जेब में रखे ₹1500 छीन लिए

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने पीड़ित से आरोपियों का हुलिया लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच में शनि वैष्णव समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम ने तीनों को पकड़ लिया।पूछताछ और मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने शनि वैष्णव से ₹1000, एक विधि से संघर्षरत बालक से ₹500 और दूसरे से वारदात में प्रयुक्त ब्लेड बरामद किया। पुलिस के अनुसार शनि वैष्णव का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।

तीनों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *