अंबिकापुर। कांग्रेस ने आगामी चुनावों की तैयारियों के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में सरगुजा संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से होटल मयूरा में शुरू हुआ। शिविर का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत और प्रभारी प्रदेश संगठन महामंत्री मलकीत गैदु ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य ऐसी कार्यकर्ता इकाई तैयार करना है, जो निरंतर सक्रिय रहकर पार्टी के जनाधार को मजबूत और विस्तारित करे। उन्होंने कहा कि पार्टी इसी दिशा में लगातार काम कर रही है और उदयपुर अधिवेशन में लिए गए संकल्प के अनुरूप संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

सिंहदेव ने प्रशिक्षण की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने से नहीं बनता, बल्कि लगातार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और उन्हें पार्टी की विचारधारा, नीतियों तथा जनहित के मुद्दों से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षित और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण से शुरू हुई प्रक्रिया का अगला चरण ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण है। इसके बाद यही प्रक्रिया बूथ स्तर तक ले जाई जाएगी। मीडिया से चर्चा में बैज ने कहा कि संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एक दिशा देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारियों में जुट गई है।
छह जिलों के 49 ब्लॉक अध्यक्ष और 12 मास्टर ट्रेनर शामिल
17 सितंबर तक चलने वाले प्रशिक्षण शिविर में सरगुजा संभाग के छह जिलों के 49 संगठनात्मक ब्लॉक के ब्लॉक अध्यक्ष तथा सभी जिलों के कुल 12 मास्टर ट्रेनर शामिल हो रहे हैं। उद्घाटन सत्र में संभाग के सभी जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ पूर्व विधायक भी मौजूद रहे।
पहले दिन पांच प्रशिक्षण सत्र
प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन उद्घाटन सत्र के अलावा पांच अन्य सत्र आयोजित किए गए। टीएस सिंहदेव ने राजस्व व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर प्रशिक्षण दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने खनिज संपदा की लूट और वनों के विनाश के मुद्दे पर अपनी बात रखी।
जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने आयोग की कार्यशैली एवं जनजातीय अधिकारों पर प्रशिक्षण दिया। पीसीसी प्रशिक्षक युगल किशोर पांडेय ने प्रशिक्षण की आवश्यकता और कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षक अशोक चतुर्वेदी ने पार्टी के इतिहास एवं विचारधारा पर प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी सहित अन्य वक्ता ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों को संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स देंगे।उद्घाटन सत्र का संचालन मुख्य प्रशिक्षक युगल किशोर पांडेय ने किया।