ब्लेड से तीन लोगों पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

रायगढ़, 24 अगस्त। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह में साप्ताहिक बाजार के दौरान शराब के नशे में विवाद के बाद तीन लोगों पर ब्लेड से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्लेड भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे तुमीडीह इंदिरा भवन के पास आरोपी सुभाष पन्ना शराब के नशे में राहगीरों से गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान सोमा सिंकू और उसके साथी बुधराम मुंडा ने उसे गाली देने से मना किया। इस पर आरोपी ने जेब से धारदार ब्लेड निकालकर दोनों के गले के पास वार कर दिया।हमले में दोनों घायल हो गए। वे जान बचाकर भागे और रास्ते में मिले बुधन सिंह टियू को घटना की जानकारी दी।

इसी दौरान आरोपी ने बुधन सिंह के गले के पास भी ब्लेड से वार कर उसे घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।पुलिस ने आरोपी सुभाष पन्ना (48) निवासी ग्राम रेडे, थाना बागबहार, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी दर्री, जिला कोरबा के खिलाफ अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 109(1) में मामला दर्ज किया।

पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के दौरान तीन लोगों पर ब्लेड से हमला करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्लेड बरामद किया।आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों और हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *