मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 13 अगस्त 2026। अंबागढ़ चौकी पुलिस ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए शिवनाथ नदी में डूब रही 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान बचा ली। पुलिस जवानों ने महिला को नदी से बाहर निकालकर मौके पर CPR दिया और तत्काल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे अंबागढ़ चौकी पुलिस को सूचना मिली कि शिवनाथ नदी में एक महिला का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण स्थानीय तैराक श्रवण निषाद की मदद ली गई।श्रवण निषाद ट्यूब के सहारे नदी में पहुंचे तो पता चला कि महिला जीवित है और उसकी सांस चल रही है। पुलिस टीम ने तत्काल महिला को पानी से बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर पुलिस जवानों ने मौके पर ही CPR दिया, जिसके बाद महिला के शरीर में हलचल होने लगी।इसके बाद महिला को 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया।महिला की पहचान जमुना साहू (72), पति फिरंगी साहू, निवासी ग्राम मेरेगांव, वार्ड नंबर 2, अंबागढ़ चौकी के रूप में हुई है।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर, प्रधान आरक्षक हीरेन्द्र निषाद, प्रधान आरक्षक हरिशंकर सिंह और स्थानीय तैराक श्रवण निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।तेज बहाव के बीच पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयास से बुजुर्ग महिला की जान बच सकी।