‘स्मार्ट मीटर’ पर कांग्रेस का घर-घर अभियान, 400 घरों में बिजली बिल बढ़ने की शिकायत का दावा

Uncategorized

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर सियासत तेज हो गई है। रायपुर शहर जिला कांग्रेस ने रविवार को “स्मार्ट मीटर वापस करो” और “बढ़ी बिजली दर वापस लो” अभियान के तहत गुरु घासीदास ब्लॉक के गुरु गोविंद सिंह वार्ड में घर-घर जनसंपर्क कर स्मार्ट मीटर वापसी फॉर्म वितरित किए।

कांग्रेस नेताओं ने झंडा चौक, बेहरा कॉलोनी, शीतला मंदिर, बाजारपारा और नहरपारा सहित विभिन्न इलाकों में करीब 375 से 400 घरों में संपर्क किया। कांग्रेस का दावा है कि लगभग सभी परिवारों ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में कई गुना बढ़ोतरी की शिकायत की। लोगों ने पुराने बिजली बिल दिखाते हुए बताया कि जहां पहले 400 से 500 रुपये का बिल आता था, वहीं अब 1700 से 2500 रुपये तक बिल आ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने पांच गुना तक बिल बढ़ने की शिकायत भी की।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन और पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कांग्रेस का आरोप है कि कई स्थानों पर निजी एजेंसी ने उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए और विरोध करने पर बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई।

अभियान के दौरान कई महिलाओं ने महतारी वंदन योजना और बढ़े हुए बिजली बिल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार एक ओर आर्थिक सहायता देती है, जबकि दूसरी ओर बिजली बिल, टैक्स और महंगाई के जरिए उससे अधिक राशि वसूल रही है। कांग्रेस ने दावा किया कि कई महिलाओं ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर बहाल करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर की तकनीकी जांच कराने की भी मांग की। उनका कहना है कि नए मीटरों की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में संदेह है और सरकार को पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि स्मार्ट मीटर वापसी अभियान शहर के सभी वार्डों में चलाया जाएगा। उन्होंने सरकार से फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने और जहां मीटर लगाए जा रहे हैं, वहां एक-दो महीने तक पुराने और नए दोनों मीटर समानांतर चलाकर उपभोक्ता की संतुष्टि के बाद ही पुराने मीटर हटाने की मांग की।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, सुशांत डे, ब्लॉक अध्यक्ष मिलिंद गौतम, दीपक चौबे, राज देवांगन, अमितेश भारद्वाज, कमल धृतलहरे, बलजीत भाटिया, प्रवीण चंद्राकर, सेवक महानंद, बास्टो बेहरा, रतन सोनी, शहनाज बेगम, देवकी छत्रिय, सायरा बानो, प्रतीक तिवारी, पवन प्रधान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *