नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की सोशल मीडिया छत्तीसगढ़ टीम ने नई दिल्ली में देश के माननीय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश संगठन और जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।भेंट के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ भाजपा सोशल मीडिया टीम द्वारा डिजिटल माध्यमों से संगठन की गतिविधियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंपर्क का एक सशक्त माध्यम बन चुका है और इसके जरिए सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। अमित शाह ने टीम के सदस्यों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ संगठन एवं सरकार की सकारात्मक पहल को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा सोशल मीडिया छत्तीसगढ़ टीम ने केंद्रीय गृहमंत्री के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा विश्वास दिलाया कि वे संगठन की विचारधारा और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी एवं रचनात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करते रहेंगे।