राजनांदगांव, 13 जुलाई। राजनांदगांव रेंज के नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय यादव ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण करते ही साफ कर दिया कि अपराधियों के लिए अब किसी तरह की ढील नहीं होगी। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, नक्सल गतिविधियों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की।


आईजी अजय यादव ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और पुलिस पर विश्वास कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने थाना स्तर पर पुलिसिंग को अधिक सक्रिय, संवेदनशील और जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।बैठक में उन्होंने गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण, वैज्ञानिक साक्ष्यों और आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग, फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।आईजी ने अधिकारियों से कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेंज के सभी जिलों में टीम भावना के साथ काम करते हुए अपराध नियंत्रण, शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा।पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी वाई.पी. सिंह, पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई लक्ष्य शर्मा सहित रेंज के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।