रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को समस्त प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक सम्पन्न हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सबसे पहले समस्त प्रकोष्ठों के नवनियुक्त संयोजक, सह संयोजक एवं पदाधिकारियों को नवीन दायित्व के लिए बधाई देते हुए कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए यह गौरव का विषय है कि हम सभी विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हैं जिसके करोड़ों सदस्य हैं। इतनी बड़ी कोई दूसरी पार्टी दुनिया में नहीं है। सबसे बड़ा लोकतंत्र भी हमारा देश है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को आज दुनिया स्वीकार कर रही है। पूरी दुनिया की निगाह भारत पर है। मोदी देश को विकसित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा करती है, तभी तो देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को मूलमंत्र मानते हुए काम कर रहे हैं। श्री मोदी के नेतृत्व में समृध्द, शक्तिशाली एवं सशक्त भारत का निर्माण हो रहा है।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के 61 लाख प्राथमिक सदस्य है जिसमें से आप लोगों को यह दायित्व मिला है। विधानसभा चुनाव 2023 में मोदी की गारंटी में किए वादों की चर्चा करते हुए श्री साय ने कहा कि मोदी की गांरटी के अधिकतर वादों को हमने पूरा कर दिया है। हमें जनता तक केन्द्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जाना है और सरकार की समस्त योजनाओं को लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को मिले, इस दिशा में काम करना है।
भाजपा जनसेवा की भावना से कार्य करती है : किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि हम विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के सदस्य हैं और इसमें मान-सम्मान सभी कार्यकर्ताओं को मिलता है। हम जन सेवा के लिए कार्य करते हैं एवं सरकार में रहकर जन सेवा को ही सर्वोपरि मानते हैं। अन्य दल सरकार बनाने के लिए कुछ भी करते हैं।
देव ने कहा कि 3 साल में दायित्व बदल जाता है। कोई भी अपनी निष्ठा और परिश्रम के बदौलत भाजपा में किसी भी मुकाम पर पहुँच सकता है। भाजपा का एक छोटा कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री बन सकता है। श्री देव ने कहा कि 2028 के चुनाव की तैयारी में आगे बढ़ रहे हैं। यह भाजपा है, जो एक चुनाव खत्म होता है तो हम उसके परिणाम के बाद दूसरे चुनाव की तैयारी में जुट जाते हैं। भाजपा कार्यकर्ता मृदुभाषी एवं व्यवहारकुशल होते हैं जो लगातार प्रवास कर संगठन के विस्तार के लिए कार्य करते हैं। कार्यकर्ता अनुशासन का पालन करते हुए लगातार संगठन के विस्तार का कार्य करते हैं।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है। भाजपा में नीति है, सिद्धांत है, लोकतंत्र है और अनुशासन भी है। भाजपा की एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। कार्यकर्ता पार्टी की पूंजी हैं। श्री साय ने संगठन के विस्तार के लिए कार्य करने एवं सरकार एवं संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस साथ ही आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की।