रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ और कुशल आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी.जी. को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उनके निवास पहुंचकर सौजन्य भेंट की और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सुंदरराज पी.जी. ने छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रभावी नेतृत्व, सटीक रणनीति और सुरक्षा बलों के जवानों के कुशल मार्गदर्शन के कारण नक्सल विरोधी अभियानों में उल्लेखनीय सफलताएं मिलीं। उनके कार्यकाल में सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा और कई बड़े ऑपरेशनों को सफलता मिली।
डिप्टी CM ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में IG के रूप में भी सुंदरराज पी.जी. अपनी दक्षता, अनुभव और नेतृत्व क्षमता से देश की आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत करेंगे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह मुलाकात छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियानों में सुंदरराज पी.जी. के योगदान के प्रति सम्मान और विश्वास का प्रतीक मानी जा रही है।