चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी रोकने RPF का बड़ा अभियान, 350 छात्रों को दिलाई रेलवे सुरक्षा की शपथ

Uncategorized

राजनांदगांव।रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रेलवे सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन और RPF पोस्ट राजनांदगांव की प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में मंगलवार को शासकीय उच्च माध्यमिक शाला, स्टेशन मुड़ीपार में व्यापक रेलवे सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।अभियान के दौरान करीब 350 विद्यार्थियों और शिक्षकों को चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी नहीं करने, रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार न करने, मानव रन ओवर (MRO) और कैटल रन ओवर (CRO) जैसी दुर्घटनाओं से बचाव, रेलवे सुरक्षा नियमों के पालन तथा रेलवे हेल्पलाइन 139 के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।

सभी विद्यार्थियों को रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने और ट्रेनों पर पत्थरबाजी नहीं करने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रभारी निरीक्षक तरुणा साहू ने छत्तीसगढ़ी भाषा और गीतों के माध्यम से रेलवे सुरक्षा का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाया। इस अनोखे अंदाज ने छात्रों को खूब आकर्षित किया और उन्होंने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए क्विज़ प्रतियोगिता, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को RPF की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि “सुरक्षित रेल, सुरक्षित भारत” के निर्माण में हर नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। रेलवे सुरक्षा बल ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *