बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव रविवार को स्कूटी पर सवार होकर बिलासपुर शहर के विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण करने निकले। बरसात से पहले शहर की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने सड़क निर्माण, सीवरेज और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।अरुण साव ने मंगल स्थित एसटीपी, बिलासपुर कन्वेंशन सेंटर, राम सेतु, अशोक नगर और अन्य निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने अरपा नदी के बढ़ते प्रदूषण पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि शहर के लगभग 70 नालों का गंदा पानी सीधे नदी में गिर रहा है। इसके स्थायी समाधान के लिए लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से दो नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने की योजना तैयार की गई है।
उन्होंने नगर निगम आयुक्त को प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि जल्द स्वीकृति मिल सके और निर्माण कार्य शुरू हो।अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बिलासपुर में तेजी से अधोसंरचना विकास किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।निरीक्षण के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी तथा नगर निगम एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।