गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। 12वीं बोर्ड परीक्षा की राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान हासिल करने वाली मेधावी छात्रा आकृति साहू से मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने जिले के टॉपर विद्यार्थियों के अनुभवों को अन्य छात्रों तक पहुंचाने की अनूठी योजना बनाई है।
कलेक्टर डॉ. देवांगन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों के साथ स्कूलों में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में टॉपर छात्र अपनी तैयारी, समय प्रबंधन, अध्ययन पद्धति और सफलता के अनुभव साझा करेंगे, जिससे हजारों विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन मिलेगा।आकृति साहू की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह केवल एक छात्रा की सफलता नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है।

उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।उल्लेखनीय है कि पुनर्मूल्यांकन के बाद आकृति साहू के 4 अंक बढ़े, जिससे वह राज्य मेरिट सूची में 8वें स्थान पर पहुंच गईं। बोनस अंक जोड़ने के बाद उनका कुल प्राप्तांक 494 (98.80 प्रतिशत) दर्ज किया गया। आकृति इससे पहले भी 10वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान बना चुकी हैं।शिक्षा सुधार की दिशा में बड़ा कदमकलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन की इस पहल को जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक और दूरगामी प्रयास माना जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि जब विद्यार्थी अपने ही जिले के सफल छात्रों से सीधे संवाद करेंगे, तो उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी और भविष्य में जिले से और अधिक विद्यार्थी राज्य मेरिट सूची में स्थान बना सकेंगे।