रायपुर। उरला थाना क्षेत्र में खड़े ट्रक की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत का चोरी गया हाईवा ट्रक भी बरामद कर लिया गया है।पुलिस के मुताबिक एसकेएस इस्पात प्राइवेट लिमिटेड में इलेक्ट्रिकल इंचार्ज के पद पर कार्यरत मनीराम यादव ने उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका हाईवा ट्रक (CG-07-CA-5157) 20 जून की शाम जेए फ्यूल्स के पास खड़ा किया गया था।

अगले दिन सुबह वाहन निर्धारित स्थान से गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी ट्रक का पता नहीं चलने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए उरला पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर उरला निवासी खिलावन पात्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने ट्रक चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गया हाईवा ट्रक बरामद कर लिया। बरामद वाहन की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खिलावन पात्रे (29 वर्ष), निवासी अटल आवास कॉलोनी, पठरीडीह, थाना उरला, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।