रायपुर। हज यात्रा 2027 पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए बड़ी खबर है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन 22 जून 2026 से शुरू हो चुके हैं और इच्छुक आवेदक 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हज यात्रा के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे। आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर जाकर या हज सुविधा मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले सभी आवेदकों के पास 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है। बिना निर्धारित वैधता वाले पासपोर्ट के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
मिर्ज़ा बेग ने कहा कि आवेदन करने से पहले सभी इच्छुक यात्री हज गाइडलाइन का अध्ययन करें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। हज से जुड़ी विस्तृत जानकारी, पात्रता और प्रक्रिया वेबसाइट पर उपलब्ध है।
हज कमेटी ने प्रदेशभर के इच्छुक आवेदकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है ताकि अंतिम दिनों में तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके।
महत्वपूर्ण जानकारी
- आवेदन प्रारंभ : 22 जून 2026
- अंतिम तिथि : 20 जुलाई 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
- आवेदन माध्यम : ऑनलाइन एवं हज सुविधा एप
- पासपोर्ट वैधता : 31 दिसंबर 2027 तक अनिवार्य
अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय, मुखर्जी बाड़ा, बैरन बाजार, रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-4266646 पर संपर्क किया जा सकता है।