तिल्दा में सत्ता का दबंगई कांड! मंत्री के करीबी खुमान वर्मा पर गंभीर धाराओं में FIR, खनिज अधिकारियों को धमकाने का आरोप

Uncategorized

रायपुर/तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के करीबी माने जाने वाले एवं तिल्दा-नेवरा नगर पालिका अध्यक्ष के पति खुमान वर्मा के खिलाफ नेवरा थाना में गंभीर धाराओं के तहत नामजद एफआईआर दर्ज की गई। मामला अवैध खनन की जांच करने पहुंचे खनिज विभाग के अधिकारियों को कथित रूप से धमकाने, गाली-गलौज करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने से जुड़ा है।

वायरल वीडियो के बाद एक्शनबताया जा रहा है कि वार्ड क्रमांक 22 में अवैध खनन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी।

इसी दौरान खुमान वर्मा अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और अधिकारियों का विरोध करते हुए कथित रूप से उन्हें घेर लिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी दिए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया।

इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला :-

नेवरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिनमें शामिल हैं—

धारा 221 BNS – सरकारी कार्य में बाधा डालना

धारा 351(3) BNS – आपराधिक धमकी देनाधारा 126(2) BNS – रास्ता रोकना

धारा 296 BNS – सार्वजनिक स्थान पर अश्लील एवं अभद्र व्यवहार

धारा 3(5) BNS – समान आशय और आपराधिक साजिश के तहत सामूहिक कृत्य

राजनीतिक गलियारों में मची हलचलखुमान वर्मा का नाम सत्ता पक्ष से जुड़ा होने के कारण मामला राजनीतिक रंग भी पकड़ता नजर आ रहा है।

विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, वहीं प्रशासनिक अमले में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

बड़ा सवाल:-

खनिज विभाग की टीम पर कथित दबाव बनाने और कार्रवाई रुकवाने की कोशिश के आरोपों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्रभावशाली लोगों के सामने सरकारी अमला स्वतंत्र रूप से काम कर पा रहा है!

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।तिल्दा-नेवरा से निकला यह विवाद अब प्रदेश की राजनीति और प्रशासन दोनों के लिए बड़ी परीक्षा बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *