राजनांदगांव, 22 जून। डोंगरगांव थाना क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग युवतियों को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों के सुरक्षित घर लौटने से परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। मामले में डोंगरगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को थाना डोंगरगांव क्षेत्र के एक गांव से दो नाबालिग युवतियां बिना बताए घर से चली गई थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन और जांच अभियान चलाया।पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चला सर्च ऑपरेशनमहिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों को लेकर संवेदनशील मानी जाने वाली पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में डोंगरगांव पुलिस ने लगातार अभियान चलाया।

थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और मैदानी जांच के जरिए दोनों नाबालिगों का पता लगाकर 20 जून को उन्हें सकुशल दस्तयाब कर लिया।पूछताछ में दोनों युवतियों ने बताया कि वे अपने रिश्तेदारों के यहां घूमने चली गई थीं और उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना या अपराध नहीं हुआ है। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है।टीम की मेहनत लाई रंगइस सफलता में थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख एवं आरक्षक सुरेश राजपूत की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस की तत्परता और सक्रियता के चलते दो नाबालिगों को सुरक्षित खोज निकाला गया, जिससे एक संभावित गंभीर मामले का सुखद अंत हुआ।”बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी गुमशुदगी की सूचना पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है और आगे भी ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं तेजी के साथ कार्यवाही जारी रहेगी।” — राजनांदगांव पुलिस।