गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 21 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से चयनित 21 विशिष्टजनों का प्रतिनिधिमंडल रविवार को रायपुर के लिए रवाना हुआ। मरवाही विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची के नेतृत्व में यह दल 22 जून को रायपुर से गुजरात स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेगा।जिला प्रशासन ने यात्रा की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, जो यात्रा के दौरान समन्वय एवं अन्य व्यवस्थाओं का दायित्व निभाएंगे।सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का उद्देश्य नागरिकों को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना, राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना तथा सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय संस्कृति और सभ्यता की समृद्ध परंपराओं को निकट से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।जिला प्रशासन ने सभी चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं सफल यात्रा की कामना की है। विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले इन विशिष्टजनों की यह यात्रा जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।