पुराना प्यार बना खूनी रंजिश ! पत्नी की दूसरी शादी से बौखलाए पति ने भाई संग किया जानलेवा हमला, राजनांदगांव में सनसनी

Uncategorized

राजनांदगांव। पत्नी द्वारा दूसरी शादी किए जाने से नाराज पति ने अपने भाई के साथ मिलकर महिला के दूसरे पति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बातचीत के बहाने युवक को घर बुलाया और उस पर डंडे व कटारनुमा चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में चिखली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 03 जून 2026 को चौकी चिखली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी सोनू साहू उर्फ प्रदीप साहू जब जेल में बंद था, उसी दौरान उसकी पत्नी से प्रार्थी की जान-पहचान हुई और दोनों ने आपसी सहमति से विवाह कर लिया। जेल से रिहा होने के बाद सोनू साहू अपनी पत्नी की दूसरी शादी से नाराज था और इसी बात को लेकर वह लगातार रंजिश रखे हुए था।

बताया गया कि 02 जून 2026 को आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप साहू ने अपने भाई राजा उर्फ सूरज साहू के साथ मिलकर प्रार्थी को बातचीत करने के बहाने घर बुलाया और जान से मारने की नीयत से डंडे तथा धारदार कटारनुमा चाकू से हमला कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल धारा 296, 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चिखली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने आरोपी राजा उर्फ सूरज साहू को चिखली से तथा मुख्य आरोपी सोनू उर्फ प्रदीप साहू को दुर्ग से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
आरोपियों के कब्जे से बरामद
01 नग कटारनुमा लोहे का चाकू
01 नग बांस का डंडा
दोनों आरोपी हैं पुराने बदमाश
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सोनू साहू उर्फ प्रदीप साहू के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी राजा उर्फ सूरज साहू पर भी हत्या के प्रयास, मारपीट, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन अपराध दर्ज हैं।
इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उप निरीक्षक राकेश पटेल, सउनि शत्रुहन टंडन, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, आरक्षक सुनील बैरागी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, आदित्य सोलंकी, किशोर मार्बल एवं चौकी चिखली स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *