रायपुर, 27 मई 2026। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले पांच गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्तियों) को रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के युवाओं से अपील की कि सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आगे आएं और मानवता का परिचय दें।पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे “गोल्डन आवर” कहा जाता है, घायल व्यक्ति के जीवन को बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। समय पर अस्पताल पहुंचाने या चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने से अधिकांश मामलों में जान बचाई जा सकती है।उन्होंने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले लोगों को “गुड सेमेरिटन” की श्रेणी में रखा गया है और उन्हें प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाना चाहिए। इसी उद्देश्य से रायपुर पुलिस द्वारा ऐसे नागरिकों को सम्मानित किया जा रहा है।सम्मानित किए गए गुड सेमेरिटनगगनदीप सिंह अरोरा (शंकर नगर) ने विधानसभा रोड स्थित वीआईपी टर्निंग पर स्कूटी से गिरी महिला की सहायता कर उसके परिजनों को बुलाया और मदद पहुंचाई।राजेश कुमार चौधरी (कबीर नगर) ने सड़क दुर्घटना में घायल बाइक चालक को डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।हेमचंद यादव (आजाद चौक) ने ओला शोरूम के पास दुर्घटना में घायल दो लोगों को तत्काल उपचार दिलाने में सहयोग किया।करणदीप सिंह (देवेंद्र नगर) ने राजभवन के पास ऑटो दुर्घटना में घायल दो व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।गोपेंद्र धनगर (टिकरापारा) ने नूतन स्कूल के पास कार दुर्घटना में घायल लोगों को डायल-112 के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग किया।

शहरभर में होगा प्रचार-प्रसारपुलिस कमिश्नर ने यातायात अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन नेक नागरिकों के कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए जयस्तंभ चौक, कलेक्ट्रेट गेट, मरीन ड्राइव, श्रीराम मंदिर क्षेत्र, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए प्रेरित हों।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात/प्रोटोकॉल दौलत राम पोर्ते, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात गुरजीत सिंह तथा सतीश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्ति की मदद करने से न डरें। आपकी छोटी-सी पहल किसी की जिंदगी बचा सकती है।