रायपुर। राजधानी में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और हथियारबाजी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टिकरापारा थाना पुलिस ने मिलन चौक संजय नगर इलाके में लोगों को गुप्तीनुमा चाकू दिखाकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का अवैध गुप्तीनुमा चाकू भी बरामद किया गया है।पुलिस के मुताबिक 7 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिलन चौक संजय नगर के पास एक युवक अवैध हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में टिकरापारा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की गई।पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोहे का गुप्तीनुमा चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान अभय उर्फ पार्टनर साहू (19 वर्ष) निवासी संजय नगर टिकरापारा के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 396/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और एसीपी न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल ने शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों और लोगों में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।रायपुर पुलिस का कहना है कि राजधानी में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हथियार के दम पर डर फैलाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।