रायपुर/07 मई 2026। मई माह में लोगों का बिजली बिल दुगुना आया है, बढ़े बिजली बिल से जनता परेशान है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार प्रायोजित लूट है बढ़े हुए बिजली बिल भाजपा सरकार की मुनाफाखोरी वाली नीति के कारण छत्तीसगढ़ की जनता का महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। अप्रैल महीने की बिजली खपत का जो बिल लोगों के घरों में पहुंचा है उससे जनता परेशान हो गयी है। गर्मी के कारण 20 से 25 प्रतिशत तक बिजली खपत अधिक हुई होगी माना जा सकता है लेकिन जो बिल आम आदमी के घरों में पहुंचा है वह पिछले माह की अपेक्षा दुगुना है। सरकार बिजली के नाम पर जनता को लूट रही है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिजली के बढ़े बिल से पिछले 6 माह से जनता पर बोझ डाला जा रहा था लेकिन इस माह बढ़े हुए आए बिजली बिल के कारण जनता परेशान हो गई है। औसतन हर उपभोक्ता का बिजली बिल दुगुना आया है। बिजली बिल ज्यादा आने का तीन कारण है:-1. सरकार ने बिजली के दाम बढ़ा दिया है।2. बिजली बिल हाफ योजना बंद हो गई।3. स्मार्ट मीटर लगाए गए है जो अनाप शनाप खपत से अधिक रीडिंग बता रहा जिससे बिल अधिक आ रहा।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने 5 वर्षों तक विपरीत परिस्थितियों में भी बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली बिल हॉफ योजना शुरू किया था जिसका लाभ प्रदेश के 54 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिलता था जिसे 5 साल में लगभग प्रत्येक उपभोक्ता का 40 से 50 हजार रू. तक की बचत हुई है। कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए गए 400 यूनिट बिजली बिल हॉफ के दायरे में प्रदेश का लगभग हर उपभोक्ता आता था।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार प्रायोजित लूट है बढ़े हुए बिजली बिल, भाजपा सरकार की मुनाफाखोरी वाली नीति के कारण छत्तीसगढ़ की जनता को महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है। कांग्रेस की सरकार के समय से वर्तमान भाजपा सरकार के राज में हर उपभोक्ता का औसतन बिजली बिल बढ़कर आ रहा है। कांग्रेस पार्टी, भाजपा सरकार के द्वारा बढ़ाकर भेजे गये बिजली बिल का विरोध करती है, कोयला हमारा, पानी हमारा, जमीन हमारी और हमें ही महंगे दर पर बिजली बेचा जा रहा है। सरकार के इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी।