भिलाई : 04 मई।भिलाई-3 के रूखमणि पैलेस में रविवार को सामाजिक सद्भाव कार्य टोली, चरोदा-भिलाई 3 के तत्वावधान में सर्वसमाज की महत्वपूर्ण सामाजिक सद्भाव बैठक आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आपसी समन्वय और भाईचारे का मजबूत संदेश दिया।बैठक में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में हरिओम शर्मा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील पटेल ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाजों के बीच एकजुटता बढ़ाना, राष्ट्रहित और समाजहित में सहयोग को मजबूत करना और आपसी संवाद के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाना था।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने समाज में हो रहे बदलावों, चुनौतियों और सुधार के सुझावों को खुलकर रखा। मुख्य वक्ता हरिओम शर्मा ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखते हुए समाज में फैली कुरीतियों को जड़ से खत्म करने का आह्वान किया और सभी से राष्ट्रहित में मिलकर काम करने की अपील की।अध्यक्षीय संबोधन में सुनील पटेल ने ऐसे आयोजनों को हर तीन महीने में नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से समाजों के बीच भाईचारा मजबूत होगा और देश निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही उन्होंने भविष्य में अधिक से अधिक समाज प्रमुखों और युवाओं को जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।कार्यक्रम का सफल संचालन विनोद देवांगन ने किया, जबकि आयोजन में मुकेश साहू और प्रदीप वर्मा की अहम भूमिका रही।