रायपुर। राजधानी के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली चोरी का मामला सामने आया है, जहां घर में काम करने वाली नौकरानी ने ही भरोसे का फायदा उठाकर नगदी रकम से भरा लॉकर पार कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम और लॉकर बरामद कर लिया है।मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवाशीष गुरु ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह देवपुरी स्थित डॉल्फिन ज्वेल में अपने परिवार के साथ रहता है। उसने अपनी बच्ची और घर की देखरेख के लिए फरवरी 2026 से प्रिया ढीढी (19 वर्ष), निवासी ग्राम भोरिंग जिला महासमुंद, को मासिक वेतन पर रखा था।21 अप्रैल 2026 को प्रार्थी अपने दोस्त की शादी में बेमेतरा गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी और बच्ची शंकर नगर गए थे।

इस दौरान घर में नौकरानी प्रिया ढीढी अकेली थी। रात करीब 8 बजे जब प्रार्थी की पत्नी घर लौटी, तो उसने देखा कि घर की अलमारी खुली हुई है और उसमें रखा लॉकर गायब है। लॉकर में 2 लाख 50 हजार रुपये नगद रखे हुए थे।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच तेज की।सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी महिला प्रिया ढीढी लॉकर ले जाते हुए नजर आई। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लगातार दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को कबूल कर लिया और बताया कि वह लॉकर खोलने में असफल रही। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गया लॉकर और पूरी नगदी रकम 2,50,000 रुपये बरामद कर लिए हैं।