काठमांडू। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब पड़ोसी देश नेपाल में साफ नजर आने लगा है। सरकारी आपूर्ति कंपनी नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन ने पेट्रोल और डीजल के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के मुताबिक ईंधन करीब 15 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो गया है, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।गौरतलब है कि बीते एक महीने में यह दूसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से परिवहन लागत बढ़ने की आशंका है, जिसका सीधा असर खाने-पीने की वस्तुओं समेत रोजमर्रा के सामानों पर भी पड़ेगा।विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के चलते नेपाल जैसे आयात-निर्भर देशों को मजबूरन दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं। हालांकि, इस फैसले से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा और महंगाई में और तेजी आ सकती है।