रायपुर, 2 मार्च 2026।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के नवपदस्थ सदस्य राजीव श्रीवास्तव ने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात सौजन्य मुलाकात की।
इस अवसर पर श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को प्राधिकरण की वर्तमान गतिविधियों, कार्यप्रणाली तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने प्राधिकरण द्वारा आमजन की शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निराकरण, संस्थागत पारदर्शिता को सुदृढ़ करने तथा पुलिस-जन विश्वास को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने प्राधिकरण की भूमिका को सुशासन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि जवाबदेही और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्राधिकरण जनविश्वास को और सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।