रायपुर : 1 मार्च 2026। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में विगत एक माह के कार्यों की समीक्षा के बाद विभिन्न प्रकरणों में उत्कृष्ट और सराहनीय प्रदर्शन करने वाले 26 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान 28 फरवरी 2026 को आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

समीक्षा पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में की गई। समीक्षा अवधि के दौरान ई-चालान, अपहरण, चोरी, नकबजनी, नारकोटिक एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों की धरपकड़ और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।सम्मानित कर्मियों में 2 निरीक्षक, 1 सहायक उपनिरीक्षक, 6 प्रधान आरक्षक, 15 आरक्षक और 2 महिला आरक्षक शामिल हैं।

यातायात, क्राइम, साइबर, विभिन्न थाना क्षेत्रों और रक्षित केंद्र में तैनात इन अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर विभाग की कार्यक्षमता को मजबूत किया।इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. शुक्ला ने सभी सम्मानित अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, सतर्कता और समर्पण से आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी निष्ठा और उत्कृष्टता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप कुमार पटेल तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात) विकास कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर कमिश्नरेट द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने की यह पहल पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाने और बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।