रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव बुधवार को राजनांदगांव के स्टेट स्कूल मैदान में आयोजित सात दिवसीय स्वदेशी मेला के समापन अवसर में शामिल हुए। उन्होंने लोगों को स्वदेशी अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि, आत्मनिर्भर भारत और सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है, जब हर नागरिक स्वदेशी को अपने जीवन का हिस्सा बनाए।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, स्वदेशी के संस्कार और स्वदेशी के विचार ही हमें समर्थ राष्ट्र बनाते हैं। यह केवल सामान खरीदने का स्थान नहीं है, ये लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करने का केंद्र है। उन्होंने कहा कि, गांव के कारीगरों के खून-पसीने से बनी वस्तुओं को खरीदकर हम देश को आत्मनिर्भर बनाएंगे। एक छोटा-सा प्रयास भी देश को स्वावलंबी बनाने की दिशा में बड़ा कदम बन सकता है। जब समाज जागृत होगा और देश में बनी वस्तुओं का उपयोग करेगा, तभी भारत सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर और सशक्त बनेगा। साव ने कहा कि, स्वदेशी आंदोलन केवल अतीत की स्मृति नहीं है, यह वर्तमान और भविष्य की आवश्यकता है। कभी विदेशी शासन के विरोध का माध्यम रहा, लेकिन स्वदेशी आज नवभारत के निर्माण की आधारशिला बन चुका है। यह आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का ऐसा अभियान है, जो देश को अपनी सामर्थ्य पर खड़ा होने की प्रेरणा देता है।
साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों ने स्वदेशी को जन आंदोलन का रूप दिया है। आज स्वदेशी केवल विकल्प नहीं है, यह देश की आर्थिक मजबूती और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में निर्णायक कदम बन गया है।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव , छत्तीसगढ़ सहकारी बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता , पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा , भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल राजपूत , उद्योगपति बहादुर अली , वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु साव , गीता साहू , मूलचंद भंसाली , अशोक चौधरी , राजा माखीजा , पारस वर्मा , अंजू त्रिपाठी , सौरभ कोठारी , योगेश बागड़ी , मनोज निर्वाणी , विनोद , सुब्रत चाकी ,विजय मानिकपुरी,चंद्रशेखर शर्मा, राजकुमार शर्मा , स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी गण,पार्षदगण एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।